तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पंचमुखी पहाड़ी के पीछे मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के इस कदम से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर तक टावर के ऊपर बैठा रहा और लगातार अपनी प्रेमिका से शादी कराने की जिद पर अड़ा रहा। वह बार-बार यही कहता रहा कि जब तक उसकी शादी नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। युवक की इस जिद के कारण मौके पर मौजूद लोगों में दहशत और चिंता का माहौल बना रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंच गए, जिससे मौके पर मेला जैसा दृश्य बन गया।पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार युवक से बातचीत करती रही और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश करती रही। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक एहतियाती कदम भी उठाए गए, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को समझाकर टावर से नीचे उतार लिया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, युवक के इस कदम ने इलाके में चर्चा का विषय जरूर बना दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने ऐसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। वहीं स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए।






