सोनभद्र में अग्निकांड से मचा हड़कंप: किसान का आशियाना राख, दो मवेशियों की दर्दनाक मौत, लाखों का नुकसान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरूखाड़ गांव में मंगलवार दोपहर एक भीषण अगलगी की घटना ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। देखते ही देखते आग ने ऐसा विकराल रूप धारण कर लिया कि एक किसान का पूरा घर जलकर खाक हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दरवाजे पर बंधे दो मवेशियों की झुलसकर मौत हो गई, जिससे किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय अचानक किसान के घर से धुआं उठता दिखाई दिया। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी भयभीत हो उठे। ग्रामीणों ने तत्काल बाल्टी और पानी के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के आगे सभी प्रयास नाकाफी साबित हुए।
इस भीषण अग्निकांड में घर के भीतर रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी गृहस्थी का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि लाखों रुपये की संपत्ति इस आग की भेंट चढ़ गई। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि दरवाजे पर बंधे दो बेजुबान मवेशी आग की चपेट में आ गए और उन्हें बचाया नहीं जा सका।घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पीड़ित किसान और उसका परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत और आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक आशंका शॉर्ट सर्किट या चूल्हे की चिंगारी से आग लगने की जताई जा रही है।फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया।

Leave a Comment