तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
ओबरा/चोपन (सोनभद्र),
शिक्षा के प्रति जागरूकता की मिसाल पेश करते हुए आज ओबरा-चोपन क्षेत्र में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक भव्य और जोशीली रैली निकाली गई। ब्लॉक संसाधन केंद्र चोपन से शुरू हुई यह रैली पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी रही। हाथों में तख्तियां, जुबां पर नारे और चेहरों पर उत्साह लिए 500 से अधिक बच्चों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया।
रैली का नेतृत्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने किया, जबकि इसका सफल संचालन खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश मिश्रा के निर्देशन में हुआ। रैली बिल्ली गांव, वीआईपी रोड और डिग्री कॉलेज चौराहे जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः अपने प्रारंभिक स्थल पर समाप्त हुई।
बच्चों का जोश बना आकर्षण का केंद्र
उच्च प्राथमिक विद्यालय बिल्ली, खैरटियां, कोठा टोला और प्राथमिक विद्यालय बिल्ली मारकुंडी, भलुआ टोला, खैरटिया समेत कई स्कूलों के बच्चों ने पूरे उत्साह से हिस्सा लिया। रैली के दौरान “हर बच्चा स्कूल जाए, देश का भविष्य बन जाए” जैसे नारों ने माहौल को ऊर्जा से भर दिया।
अभिभावकों से खास अपील
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 6 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों का नामांकन अनिवार्य रूप से नजदीकी विद्यालयों में कराएं और उन्हें नियमित स्कूल भेजें। उन्होंने सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि बच्चों को निःशुल्क यूनिफॉर्म, बैग, जूता-मोजा, स्वेटर के लिए ₹1200 डीबीटी, स्वास्थ्य परीक्षण, मध्याह्न भोजन और आधुनिक शिक्षा सुविधाएं दी जा रही हैं।
शिक्षा योजनाओं पर विशेष फोकस
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार (म्योरपुर) ने भी शिरकत की। वहीं लोकेश मिश्रा ने शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति, आंगनवाड़ी, बाल वाटिका, दीक्षा ऐप, मीना मंच और बाल संसद जैसे कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।
नई पहल और नवाचार की झलक
राज्य संदर्भ समूह के सदस्य विद्यासागर ने मदर ओरिएंटेशन, इको क्लब और दीक्षा कोर्स जैसे नवाचारों पर प्रकाश डाला, जिससे शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास तेज होते दिखे।39 साल की सेवा के बाद सम्मानित हुए शिक्षक
इस मौके पर बेसिक शिक्षा विभाग में 39 वर्षों तक सेवा देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक सरफराज अहमद खां का भव्य सम्मान और विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। सहकर्मियों ने उनके समर्पण और योगदान को याद करते हुए भावुक शब्दों में विदाई दी। बड़ी संख्या में शिक्षकों की मौजूदगी
कार्यक्रम में संत जेवियर पब्लिक स्कूल डाला के प्रबंधक जितेंद्र यादव, एआरपी ज्ञान प्रकाश, प्रशांत अवस्थी, वंशदीप सिंह, अजीत सिंह समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। रैली में रविंद्र चौधरी, अरविंद यादव, महेश गिरी, अंजू जायसवाल, सविता यादव, सीमा सिंह और मीरा सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।






