तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र
जनपद में प्रशासनिक सक्रियता एक बार फिर उस समय देखने को मिली जब मण्डलायुक्त श्री राजेश प्रकाश ने नगर पालिका परिषद स्थित अस्थायी गौ आश्रय स्थल रावर्ट्सगंज का बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से गौशाला परिसर में हड़कंप मच गया और जिम्मेदार अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने गौ आश्रय स्थल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए हर पहलू पर गहन नजर डाली। उन्होंने पशुओं के लिए उपलब्ध चारा, भूसा और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में इन व्यवस्थाओं में कमी नहीं होनी चाहिए।
मण्डलायुक्त ने विशेष रूप से साफ-सफाई, पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण और शेड की स्थिति पर फोकस करते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में संरक्षित पशुओं की देखभाल सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर मण्डलायुक्त ने संतुष्टि भी व्यक्त की, लेकिन साथ ही चेतावनी भरे अंदाज में निर्देश दिया कि अधिकारी नियमित रूप से गौशाला का निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि पशुओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए उपलब्ध संसाधनों का पूरी क्षमता के साथ उपयोग किया जाए।इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अजय कुमार मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






