तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र
में प्रशासनिक सख्ती एक बार फिर साफ नजर आई, जब विंध्याचल मंडल के मण्डलायुक्त एवं नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी आला अधिकारियों के साथ बड़ी समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक का मुख्य फोकस सीएम डैशबोर्ड के फ्लैगशिप कार्यक्रमों और लंबित जन शिकायतों के निस्तारण पर रहा। मण्डलायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि जनता की समस्याओं का समाधान तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस कार्य को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाएं।
जल जीवन मिशन पर विशेष जोर
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधूरे कार्यों को तत्काल पूरा किया जाए। पाइपलाइन बिछाने के दौरान खराब हुई सड़कों की मरम्मत भी संबंधित विभाग प्राथमिकता के आधार पर कराए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन गांवों में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है, वहां टैंकर से पानी भेजने की व्यवस्था बंद कर नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
स्कूलों में सुविधाएं सुधारने के निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा गया कि जिन विद्यालयों में बेंच-डेस्क या मरम्मत की जरूरत है, उनकी सूची तत्काल तैयार कर प्रस्तुत की जाए, ताकि बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
गर्मी में पेयजल संकट पर अलर्ट
आने वाली भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। मण्डलायुक्त ने कहा कि नियमित निगरानी और त्वरित कार्रवाई से ही इस समस्या से निपटा जा सकता है।
सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग और अन्य निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए कि सड़क निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। साथ ही ट्रामा सेंटर से मेडिकल कॉलेज यूनिट तक सड़क निर्माण के लिए शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।
‘B’ और ‘C’ ग्रेड विभागों को चेतावनी
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान ‘B’ और ‘C’ ग्रेड में आने वाले विभागों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई गई। मण्डलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि यदि सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने भी दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने बैठक में कहा कि मण्डलायुक्त द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।






