दुद्धी में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, बच्चों ने निकाली भव्य प्रभात फेरी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर दुद्धी कस्बे एवं आसपास के क्षेत्रों में आजादी का अमृत महोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं द्वारा नगर में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई।
प्रभात फेरी में हाथों में तिरंगा थामे और भारत माता की जय का उद्घोष करते नन्हे-मुन्ने बच्चे कस्बे के बस स्टैंड,संकटमोचन मंदिर तिराहा,अमवार रोड सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरे। रैली सोनांचल इंटर कॉलेज, जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, पं. दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति आवासीय विद्यालय और रामनगिन फार्मेसी कॉलेज समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों से निकाली गई। रामनगिन फार्मेसी कॉलेज के छात्रों द्वारा निकाली गई भारत माता की मनमोहक झांकी और विशाल तिरंगा यात्रा मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
प्रभात फेरी के उपरांत विभिन्न संस्थानों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। महावीर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, डीएलसी पब्लिक स्कूल में प्रबंधक श्रवण कुमार, डीपीएस पब्लिक स्कूल रामनगर में प्रबंधक कृष्ण कुमार,सोनांचल इंटर कॉलेज में प्रबंधक राजेश्वर श्रीवास्तव और प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में प्रबंधक डॉ लवकुश प्रजापति द्वारा ध्वजारोहण किया गया, इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों में प्रबंधक मुख्य अतिथियों के द्वारा ध्वजारोहण संपन्न किया गया ।इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक मंचों के माध्यम से वीर जवानों की शहादत को नमन किया गया। तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, मुंसिफ कोर्ट में सिविल जज (जूनियर डिविजन) शिवानी सिंह, दुद्धी बार संघ में अध्यक्ष कुलभूषण पांडे और सिविल बार में रामलोचन तिवारी ने ध्वजारोहण किया। कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, सीओ कार्यालय में सीओ विनय प्रभाकर साहनी, खंड विकास कार्यालय में बीडीओ ,सीएचसी में पूर्व विधायक हरिराम चेरो तथा नगर पंचायत परिसर में अध्यक्ष कमलेश मोहन ने तिरंगा फहराया। वहीं गोंडवाना भवन में सपा विधानसभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव सहित विभिन्न सरकारी, गैर-सरकारी और राजनीतिक कार्यालयों में झंडारोहण किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर अध्यापकों द्वारा बच्चों में मिष्ठान का वितरण किया गया।

Leave a Comment