तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी (सोनभद्र)।म्योरपुर थाना क्षेत्र के खैराही आश्रम मोड़ निवासी 6 वर्षीय अभय कुमार पुत्र ओम प्रकाश की गुरुवार दोपहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और उन्होंने अस्पताल व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे को बचपन से ही मिर्गी (दौरा) की बीमारी थी, जिसका इलाज रांची से चल रहा था। परिजनों ने बताया कि करीब चार-पांच दिन पूर्व अचानक बच्चे की स्थिति बिगड़ गई थी, जिसका इलाज स्थानीय निजी अस्पतालों में कराया जा रहा था।आज स्थिति में सुधार न गंभीर होने पर परिजन पहले उसे दुद्धी के निजी अस्पतालों में लेकर पहुंचे, लेकिन वहां राहत न मिलने पर वे बच्चे को लेकर सीएचसी दुद्धी पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि जब वे बच्चे को लेकर सीएचसी दुद्धी पहुंचे, तो इमरजेंसी वार्ड में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। सभी डॉक्टर उस समय ओपीडी में अपनी सेवाएं दे रहे थे और पूरी इमरजेंसी केवल नर्सों के भरोसे चल रही थी। काफी देर तक बच्चे का इलाज नर्सों के ही भरोसे होता रहा। परिजनों का कहना है कि नर्सों के सूचना देने पर डॉक्टर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्चे की स्थिति और अधिक गंभीर हो चुकी थी। समय पर उचित चिकित्सीय देखरेख न मिलने के कारण बच्चे की मौत हो गई।
इस संबंध में सीएचसी दुद्धी के चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने बताया कि मरीज को अत्यंत गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। जब उसे सीएचसी लाया गया, तब उसका पल्स रेट (नाड़ी की गति) 60 से भी नीचे जा चुका था, जिससे उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी।
मृतक बच्चा दो भाइयों में छोटा था और उसकी एक बहन भी है। इस अचानक हुए हादसे और बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






