तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी (सोनभद्र)।विकास खंड के महुली स्थित राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा में आयोजित चार दिवसीय अंतर विद्यालयी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन सोमवार हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समापन दिवस पर नन्हे-मुन्ने प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन यूकेजी एवं एलकेजी वर्ग के बैलून रेस में बालक खिलाड़ियों में एलेंश कुमार एवं शशिभूषण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। आरिश एवं आयुष ने द्वितीय तथा आर्यन यादव एवं सूर्य प्रकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सभी विजेता राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा के छात्र रहे।

वहीं बालिका वर्ग में आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली की खुशनुमा एवं सलमा ने प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा की अनुष्का एवं अनुष्का ने द्वितीय तथा शैरिश फातमा एवं प्रियांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
म्यूजिकल चेयर (कुर्सी दौड़) प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 के बालक वर्ग में एलकेजी के छात्र श्रेयांश गुप्ता ने अद्भुत संतुलन और चपलता का परिचय देते हुए सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में शैरिश फातमा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वाटर बॉल गेम में बालक वर्ग में आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली के नैतिक सोनी विजेता रहे, जबकि बालिका वर्ग में राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा की सारा खान ने प्रथम स्थान प्राप्त कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को विद्यालय के चेयरमैन मकसूद आलम एवं प्रधानाचार्य केडी त्रिपाठी द्वारा मेडल पहनाकर तथा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अभिभावकों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों के प्रेरणादायी उद्बोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन मकसूद आलम ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास की आधारशिला होती हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में अनुशासन, प्रतिस्पर्धा की भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय निरंतर ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करता रहेगा।
प्रधानाचार्य केडी त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ खेल का संतुलन ही विद्यार्थियों को सफल और सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में सभी बच्चों ने जिस उत्साह और लगन से भाग लिया, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन भागीदारी ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।
इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका राकेश कुमार कन्नौजिया (प्रधानाचार्य, आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली), रविंदर कुमार, कृष्णा जायसवाल एवं अंशुमान ने निष्पक्षता एवं कुशलता के साथ निभाई।
कार्यक्रम में आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली के प्रबंधक महबूब आलम, डायरेक्टर मंसूर आलम, मनोज कुमार, आलोक कुमार कन्नौजिया, कृष्णा कुमार, मेराज अंसारी, विकास कुमार, कमलेश कुमार पासवान, शिरीन मसीह, दिव्या अग्रहरि, आशा गुप्ता, पूसा, गुंजा, प्रतिमा, प्रियांशी, राकेश, अंजू कुमारी, कविता कुमारी, मोनिका कुमारी एवं नवनीत मिश्रा सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन समारोह में उत्साह, उमंग और उपलब्धियों की गूंज साफ झलक रही थी। नन्हे खिलाड़ियों की प्रतिभा ने यह सिद्ध कर दिया कि ग्रामीण अंचल में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।






