दुद्धी में ग्राम रोजगार सेवक संघ का धरना,10 सूत्री मांगों पर ब्लॉक मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन

IMG-20260424-WA0017

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी विकास खंड के ग्राम रोजगार सेवक संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। संघ के सदस्यों ने नारों के साथ अपनी पीड़ा जाहिर की और जिला प्रशासन पर ध्यानाकर्षण के लिए 10 सूत्री ज्ञापन सौंपा।
संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मेराज अहमद ने बताया कि पिछले कई वर्षों से ग्राम रोजगार सेवक अपनी मांगों को लेकर उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नाराजगी के चलते यह धरना आयोजित किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्री ज्ञापन खंड विकास अधिकारी के प्रतिनिधि एडीओ कोऑपरेटिव मनोज कुमार को सौंपा।
मुख्य मांगों में 17 वर्षों से संविदा पर कार्यरत प्रदेशभर के 36,000 ग्राम रोजगार सेवकों को राज्य कर्मचारी का दर्जा, सहायक सचिव पद पर समायोजन तथा न्यूनतम 24,000 रुपये मासिक मानदेय शामिल है। इसके अलावा जॉब चार्ट का विस्तार, अलग बजट से समयबद्ध भुगतान, 12-14 माह का बकाया मानदेय, ईपीएफ जमा, हेल्थ कार्ड, मोबाइल-डेटा सुविधा, स्थानांतरण नीति, आकस्मिक व चिकित्सा अवकाश तथा मृतक आश्रित को नौकरी की मांगें भी उठाई गईं।

दुद्धी ब्लॉक परिसर में सुबह से चले धरने में ब्लॉक अध्यक्ष मेराज अहमद, राजबली सिंह, अमरदेव गुप्ता, जगदीश यादव, अनिल कुमार, इंद्र बिहारी सिंह, सुनील कुमार, संतोष कुमार, संजू देवी व रागिनी देवी सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। संघ ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

About the Author

Leave a Reply