श्रावण-नागपंचमी पर सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में हुआ भव्य रुद्राभिषेक,क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। श्रावण मास एवं नागपंचमी के पावन अवसर पर सोमवार को श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, बरगद पेड़ के समीप स्टेशन रोड, महुली में विधि-विधान के साथ भगवान शिव एवं माता पार्वती का पूजन-अर्चन एवं भव्य रुद्राभिषेक कराया गया। धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने आस्था एवं श्रद्धा के साथ भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में अयोध्या से पधारे आचार्य श्री तेजभान त्रिपाठी जी ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्री महादेव और माता पार्वती का पूजन-अर्चन एवं रुद्राभिषेक संपन्न कराया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल ने सपत्नीक रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ हमारी सनातन परंपरा एवं आस्था का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं धार्मिक चेतना को बढ़ावा मिलता है।
रुद्राभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधिवत पूजा की। मंदिर परिसर में पूरे समय भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों की सहभागिता रही।

Leave a Comment