तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी
म्योरपुर/सोनभद्र। विकासखंड म्योरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खैराही और किरवानी को जोड़ने वाली जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड को पत्र सौंपा। पूर्व प्रधान शिवप्रसाद एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत दुबे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराते हुए शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत दुबे ने बताया कि ईंटों से निर्मित यह सड़क वर्षों पुरानी है और वर्तमान में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग हादसों में घायल हो चुके हैं, जबकि कुछ लोगों के हाथ-पैर तक टूट चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा आवागमन जोखिम भरा हो जाता है।
पूर्व प्रधान शिवप्रसाद ने बताया कि खैराही में स्वर्गीय शोभनाथ के घर से शुभलाल के घर तक सड़क की हालत अत्यंत दयनीय है। उन्होंने कहा कि इस सड़क का निर्माण लगभग 15 वर्ष पूर्व हुआ था, लेकिन उसके बाद से इसकी मरम्मत या नवीनीकरण नहीं कराया गया।
ग्रामीणों ने जनहित का हवाला देते हुए ब्लॉक प्रमुख से सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने की मांग की है। पत्र सौंपने वालों में शिवप्रसाद, प्रशांत दुबे, राजेश, राकेश, लालचंद्र, रामगति सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।






