सोनभद्र में औद्योगिक क्रांति की दस्तक, 50 एकड़ में बनेगा रोजगार का मेगा हब

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। ऊर्जा नगरी के नाम से प्रसिद्ध सोनभद्र अब औद्योगिक क्रांति की नई इबारत लिखने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मारकुंडी में 50 एकड़ क्षेत्रफल में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र’ विकसित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए भूमि का चयन कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू होने की उम्मीद है।
यह औद्योगिक क्षेत्र जिले के युवाओं के लिए रोजगार का नया केंद्र बनेगा। यहां आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और हॉस्पिटैलिटी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। खास बात यह होगी कि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को यहीं रोजगार उपलब्ध कराने की योजना भी तैयार की गई है।
परियोजना को प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर विकसित किया जाएगा, जिससे निवेशकों को तैयार बुनियादी ढांचा मिलेगा। औद्योगिक क्षेत्र में बिजली, पानी, चौड़ी सड़कें, हाई-स्पीड इंटरनेट, सीवरेज सिस्टम और तैयार फैक्ट्री शेड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे एमएसएमई, स्टार्टअप और बड़े उद्योगों को जिले में निवेश के लिए आकर्षित किया जाएगा।
औद्योगिक क्षेत्र तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए गुरमा मोड़ से मारकुंडी तक 15.99 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इससे उद्योगों के लिए परिवहन आसान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के साकार होने के बाद सोनभद्र की पहचान केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह जिला पूर्वांचल के प्रमुख औद्योगिक और रोजगार केंद्र के रूप में भी उभरकर सामने आएगा। हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा बल मिलेगा।

Leave a Comment