तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी कला गांव में जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जब दबंगों ने एक दंपती पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
पीड़ित चतुरगुन प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि जमीन के पुराने विवाद को लेकर गांव के चार लोगों ने उनके और उनकी पत्नी सुनैना देवी पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की, जिससे सुनैना देवी के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ीं। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को बचाया।
घटना की सूचना मिलते ही म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला का उपचार कराया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उनका चालान कर दिया गया। वहीं फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






