गीत शंखनाद और कठिन योगासन से गूंजा मारवाड़ी धर्मशाला योग गुरुओं के सम्मान से बढ़ा सोनभद्र का मान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। रविवार की सुबह सोनभद्र नगर स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जहां शंखनाद की गूंज, मधुर भजनों की स्वर लहरियां और कठिन से कठिन योगासनों का अद्भुत प्रदर्शन लोगों को मंत्रमुग्ध कर गया। पतंजलि योग परिवार सोनभद्र द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में योग के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए “करें योग, रहें निरोग” का संदेश पूरे उत्साह के साथ दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी भगवान सिंह तथा पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश (पूर्व) के राज्य प्रभारी दुर्गेश योगी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं शंखनाद के साथ किया गया। इसके बाद सैकड़ों योग साधकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।समारोह का सबसे आकर्षक पल तब आया, जब लखनऊ में “योग गौरव सम्मान” प्राप्त कर लौटे राज्य प्रभारी दुर्गेश योगी का अंगवस्त्र, पारंपरिक पगड़ी और स्मृति-चिन्ह भेंट कर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन कर पूरे सभागार को उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम में दयानंद मौर्य एवं बहन पूनम ने भक्ति और योग से जुड़े प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए, जिन पर पूरा सभागार झूम उठा। वहीं योगी सूरज चौबे, राकेश साहनी और नन्हे योगी अमृत राज ने कठिन योगासन कर अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके संतुलन और लचीलेपन को देखकर लोग दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए।
इसी दौरान योग के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकार राजेश पाठक को भी राज्य प्रभारी भगवान सिंह और दुर्गेश योगी द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते ही उपस्थित योग साधकों ने जोरदार तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और योग साधकों को भी अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला एवं सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मंच से वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी आधार है।
जिला प्रभारी रबि प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि जनपद की सभी तहसीलों में इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ें और संगठन मजबूत हो। भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी भगवान सिंह ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योग से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
समारोह में जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी, अरुण कुमार यादव, मयंक दुबे, पल्लवी, दिनेश लाल श्रीवास्तव, सुनील कुमार श्रीवास्तव, विमल कुमार सिंह, गोपाल दास केसरी, मोहर देव पांडेय, दिनेश कुमार पाठक, रामकुमार त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं योग साधक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजक रबि प्रकाश त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और दूर-दराज से आए योग साधकों का आभार व्यक्त किया। शांति पाठ के साथ समारोह का समापन हुआ, लेकिन योग, सम्मान और सेवा का संदेश उपस्थित लोगों के दिलों में देर तक गूंजता रहा।

Leave a Comment