तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच दुद्धी पुलिस ने एक बार फिर मुस्तैदी का परिचय देते हुए साइबर अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। फर्जी लिंक के जरिए ठगी का शिकार हुई महिला के बैंक खाते में ₹11,630 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़िता के चेहरे पर खुशी लौट आई।मझौली गांव निवासी मीना देवी के बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने फर्जी लिंक भेजकर ₹60 हजार की ठगी कर ली थी। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना दुद्धी की साइबर हेल्प डेस्क हरकत में आई और तकनीकी जांच शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹46,902.23 की धनराशि होल्ड करा दी। इसके बाद न्यायालय के आदेश के अनुपालन में संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर होल्ड की गई राशि में से ₹11,630 पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दिए गए।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), क्षेत्राधिकारी दुद्धी, प्रभारी निरीक्षक और साइबर हेल्प डेस्क की टीम का आभार जताते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की।
इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल मन्तोष तथा महिला कांस्टेबल साक्षी सिंह की अहम भूमिका रही।पुलिस की अपील: यदि आप किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज करें। समय रहते शिकायत करने पर ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।






