आकाशीय बिजली गिरने से 7 मवेशी ढेर, आठ माह गर्भवती भैंस भी मरी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के फूलवार और जोरूखाड़ गांवों में सोमवार दोपहर अचानक बदले मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ । अलग‑अलग घटनाओं में कुल छह गायों और एक आठ माह गर्भवती भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फूलवार निवासी पशुपालक रूपन यादव और जोरूखाड़ निवासी सुखाई गोंड अपने मवेशियों को चरा रहे थे। दोनों सुबह की तरह करीब पांच किलोमीटर दूर जंगल में चराने गए थे। दोपहर लगभग 2 बजे अचानक तेज हवा, बारिश और गरज‑चमक के साथ मौसम खराब हुआ। इसी दौरान जंगल में पेड़ के नीचे खड़े मवेशियों पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में रूपन यादव की चार तथा सुखाई गोंड की दो गायें वहीं दम तोड़ गईं।
वहीं जोरूखाड़ निवासी इंद्रजीत यादव के आँगन में बंधी भैंस भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। इंद्रजीत ने बताया कि भैंस आठ माह की गर्भवती थी और लगभग दो माह में बच्चा देने वाली थी, जिससे उन्हें भारी मानवीय और आर्थिक क्षति हुई है।
घटनास्थल पर राजस्व और पुलिस विभाग की टीम पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है। स्थानीय लोगों ने पशुओं के मुआवजे की मांग उठाई है।

Leave a Comment