तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी
बीजपुर / सोनभद्र
बीजपुर क्षेत्र में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों, गैरेज, प्रतिष्ठानों एवं औद्योगिक संस्थानों में विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।
बीजपुर में लक्ष्मी वेल्डिंग वर्कशॉप एवं विजन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, कांता गैरेज और कल्लू गैरेज, नंदू गैरेज सहित कई स्थानों पर विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। लोगों ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा एवं चित्र पर पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और कार्यक्षेत्र में उन्नति की कामना की। वहीं दुकानदारों, कारीगरों, मैकेनिकों एवं वाहन चालकों ने अपने औजारों और उपकरणों की भी पूजा की।

वहीं डोडहर में हृदय राम के द्वारा कीर्तन-पाठ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
जरहा में श्री राजेन्द्र सिंह बघेल की अगुवाई में भी विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर कीर्तन-पाठ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।
इसके अलावा एनटीपीसी रिहंद प्लांट में भी विश्वकर्मा पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। प्लांट परिसर में कर्मचारियों द्वारा मशीनों एवं तकनीकी उपकरणों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
बीजपुर बाजार सहित क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी विश्वकर्मा पूजा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा।






