तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
बभनी / सोनभद्र
बभनी विकासखंड क्षेत्र के सुकरवनटोला गांव में पिछले करीब पांच वर्षों से खराब पड़े 25 केवीए के ट्रांसफार्मर ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया और जिलाधिकारी से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब पड़ा है। कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों के मुताबिक बार-बार शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं होने से रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं मोबाइल चार्ज करने से लेकर अन्य जरूरी विद्युत कार्यों के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। रात के समय गांव में अंधेरा छा जाने से ग्रामीणों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि पांच साल का लंबा समय बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला जाना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल निर्देशित किया जाए, ताकि गांव में विद्युत आपूर्ति बहाल हो सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
मामले की जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के एसडीओ शिवम गुप्ता ने ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि एक-दो दिन के भीतर खराब ट्रांसफार्मर को बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की कार्रवाई की जाएगी। एसडीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन समाप्त हुआ।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विभाग अपने आश्वासन को जल्द पूरा करेगा और वर्षों से चली आ रही बिजली समस्या से उन्हें निजात मिलेगी। अब ग्रामीणों की नजर विभागीय कार्रवाई पर टिकी है।






