तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – इब्राहिम खान
आसपास के मकानों तक पहुंचने लगीं लपटें, घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू
दुद्धी (सोनभद्र)स्थानीय क़स्बा क्षेत्र के वार्ड नंबर 1 कितनी देर रात्रि लगभग 10:30 बजे कबाड़ के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें आसपास के मकानों तक पहुंचने लगीं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।
जानकारी के अनुसार, कबाड़ व्यवसायी संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बबलू के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम से उठती ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग सहम गए। आग तेजी से फैलते हुए आसपास के मकानों तक पहुंचने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने और उसे फैलने से रोकने का प्रयास शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने में जुट गई। काफी देर तक चले राहत एवं बचाव प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड में गोदाम में रखा लाखों रुपये का कबाड़ और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन नहीं हो सका है।
गौरतलब है कि अनपरा के बाद दुद्धी में कबाड़ गोदाम में आग लगने की यह दूसरी घटना है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के मद्देनजर दुद्धी में बड़ी क्षमता वाले अग्निशमन वाहन की स्थायी तैनाती की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पर्याप्त दमकल संसाधन उपलब्ध होने से ऐसी घटनाओं में नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






