तेज एक्सप्रेस न्यूज़- संदीप सिंह
मिर्जापुर
जिले के बाजीराव कटरा स्थित केनरा बैंक के लॉकर से बैंक मैनेजर और डिप्टी बैंक मैनेजर की मिलीभगत से हुए करोड़ों के धोखाधड़ी मामले में बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज किया गया। मनोज कुमार शुक्ला ने केनरा बैंक स्थित पिता के लॉकर से करोड़ों का सोना हड़पने का आरोप लगाते हुए अपने बड़े भाई, बैंक मैनेजर और डिप्टी बैंक मैनेजर पर कटरा कोतवाली में धोखाधड़ी और साजिश रचने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। सभी आरोपित फरार हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मिर्जापुर के लालडिग्गी निवासी व्यवसायी व टीवीएस एजेंसी के संचालक मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि उनके पिता ह्रदय नरायण शुक्ला और मां विद्या देवी के नाम से संयुक्त लॉकर बाजीराव कटरा स्थित केनरा बैंक में है। बताया कि वह चार भाईयों में सबसे छोटे हैं। पिता अनिरुद्धपुर पुरबपट्टी गांव में रहते थे। वो कई वर्ष से बीमार चल रहे थे। वह उनकी सेवा करते थे। मनोज के मुताबिक, पिता ने बताया था कि लॉकर में करीब 16 किलो सोना और चांदी के जेवरात के साथ कुछ रकम भी रखा है। जिसकी कीमत लगभग आठ करोड़ रुपये है। आरोप है कि बड़े भाई उमेश शुक्ला की नियत खराब हो गई। उमेश शुक्ला ने पिता के नाम से फर्जी लेटर बनाकर बैंक के लॉकर से गहना निकालने के लिए दिया।





