
तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – गाजीपुर
संवाददता प्रदीप दुबे
गाजीपुर। समाजसेवी अभिषेक कुशवाहा ने सोमवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को पत्रक सौंपा। इसके माध्यम से उन्हें अवगत कराया कि एनएचआई और कार्यदायी संस्था पीएनसी सड़क का निर्माण न कराए जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आएदिन दुर्घटनाएं हो रही है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि फोरलेन के निर्माण के दौरान क्षेत्र के सभी सम्पर्क मार्गों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। मनुवापुर गांव के पास अंडर पास बना हुआ है। इसी के बगल से सड़क बनाई गई है, जो जनता को आने-जाने के लिए है, लेकिन पीएनसी द्वारा जो निर्माण किया गया, वह पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। आएदिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। नसीरपुर चौराहे से बुजुर्गा मार्ग को जाने वाली सड़क पूरी तरह से गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। इसी सड़क से अन्य लोगों के साथ ही अधिकारियों का भी आना-जाना होता है। बावजूद इसके मार्ग का काया-कल्प नहीं किया जा रहा है। चेतावनी दिया कि सड़कों को दुरुस्त नहीं कराया गया तो ग्रामीणों के साथ फोरलेन पर चक्काजाम करने को बाध्य होंगे। जिलाधिकारी ने शीघ्र सड़कों को दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।






