तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – इब्राहिम खान
दुद्धी – सोनभद्र
कनहर सिंचाई परियोजना अमवार डूब क्षेत्र के विस्थापित कनहर बांध निर्माण कम्पनी द्वारा बालू खनन करने को लेकर गुरुवार को भड़क गए और कनहर बांध के ऊपर कुदरी और सुंदरी के मध्य खनन स्थल जाकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन करने वाले सुंदरी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जलालुद्दीन, कोरची के पूर्व प्रधान गम्भीरा प्रसाद, राम स्वार्थ प्रजापति, नन्दलाल खरवार, रामऔतार खरवार, मजहर, पिंटू आदि कनहर विस्थापितों का आरोप है कि कनहर विस्थापितों को आवास बनाने के लिए बालू नहीं मिल पा रहा है जबकि कनहर बांध निर्माण कम्पनी द्वारा दिन रात पोकलेन मशीन से बालू खनन की जा रही है।एक तरफ पुनर्वास कॉलोनी में आवास बनाने की दबाव है तो दूसरी तरफ कनहर विस्थापितों को बालू मिलना मुश्किल है जबकि कम्पनी के लिए कोई नियम कानून नही है।कनहर निर्माण कम्पनी डीएम से परमिशन का हवाला देकर बेखौफ पखवाड़े भर से बालू खनन कर डम्प कराने में जुटी हुई है और स्थानीय शासन प्रशासन मौन हैं।
यदि कोई विस्थापित अपनी स्वयं की जरूरत के लिए एक दो ट्राली बालू खनन कर ले तो उस पर पुलिस, फारेस्ट तथा राजस्व विभाग की गाज गिर जाती हैं तो वहीं कुछ कलमकार भी अवैध खनन की खबर खूब लिखते हैं लेकिन जबकि किसी कम्पनी या बड़े ठेकेदारों द्वारा अवैध खनन की जाती हैं तो उनकी लेखनी खामोश हो जाती हैं।
कनहर विस्थापितों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जिस तरह कनहर निर्माण कम्पनी को बालू खनन की छूट है उसी तरह कनहर विस्थापितों को भी बालू खनन की छूट मिलनी चाहिए।







