फाइलेरिया सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ

IMG-20230810-WA0036

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – प्रदीप दुबे

गाज़ीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को फाइलेरिया सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ महुआबाग स्थित आदर्श इंटर कॉलेज से किया। सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने फाइलेरिया से बचाव की दवा एल्बेण्डाज़ोल और डीईसी का सेवन किया। तत्पश्चात नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी/विद्यालय निरीक्षक हेमंत राव, प्रधानाध्यापक चंद्रदेव राम, संचारी रोगों के नोडल अधिकारी/अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जेएन सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारियों, शिक्षकों व बच्चों ने दवा का सेवन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया, जिसको सामान्य भाषा में हाथीपांव कहा जाता है इससे बचाव के लिए सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान अगले 15 दिनों तक संचालित किया जाएगा, जिसमें दवा सेवनकर्मी और स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर एक वर्ष से ऊपर के सभी बच्चों, वयस्कों, वृद्धजनों को अपने सामने दवा खिलाएँगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आज मैंने स्वास्थ्यकर्मियों के सामने यह दवा खाई है, उसी तरह सभी को यह दवा स्वास्थ्यकर्मियों के सामने खिलाई जानी है। यह दवा खाना बहुत आवश्यक है क्योंकि विगत कई वर्षों से यह रोग समाज में व्याप्त है। समाज में इसको लेकर कई भ्रांतियां भी बनी हुई हैं। गंदगी भी इसका प्रमुख कारण है। इसका मच्छर गंदगी में ही पनपता है। इस रोग के हो जाने पर शुरुआत में कोई लक्षण नहीं दिखते लेकिन पाँच से 15 साल बाद इसके लक्षण दिखने लगते हैं। हाथ-पैरों व अन्य अंगों में सूजन बढ़ने लगती है। एक बार यह बीमारी हो जाने पर यह ठीक भी नहीं होती है। इसी को देखते हुए साल में एक बार एमडीए अभियान संचालित किया जाता है।

About the Author

Leave a Reply