तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – इब्राहिम खान
दुद्धी। मंगलवार को ब्लॉक सभागार में अप्रैल से शुरू होने वाले संचारी रोग अभियान के तहत ग्राम प्रधान व स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास के अधिकारियों-कर्मचारियों को समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया गया। ब्लॉक सभागार में बीडीओ दुद्धी राम विशाल चौरसिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में संचारी रोगों की पहचान और अभियान के दौरान इसकी रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा संक्रामक बीमारियों के प्रकोप की संभावना रहती है। सभी अधिकारी कर्मचारी अपने क्षेत्र में लोगों को इसके लिए जागरूक करें। पहले से सतर्क रहेंगे तो संचारी रोगों को फैलने से रोका जा सकता है। सीएचसी अधीक्षक डॉ शाह आलम अंसारी ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलना है। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी जिम्मेदारी तय की गई है। तेज व लगातार बुखार बने रहना, सुस्त होना, दांत पर दांत बैठना, शरीर में झटके आना, कोमा या बेहोशी, लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखने पर तत्काल अस्पताल से संपर्क करें। घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और अगर कोई बीमार पाया जाता है तो वे इलाज की व्यवस्था करते हुए एक मेडिकल किट उपलब्ध कराएंगे। बैठक में एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान दिनेश यादव, विदवंत घसिया, नकछेदी यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बृजेश कुशवाहा, निरंजन जायसवाल, बुन्देल चौबे, संजय कुमार, सुरेन्द्र सिंह गोंड, संजय गुप्ता सीडीपीओ मनोज सिंह, धर्मेंद्र सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।






