तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –
Ahmedabad: अहमदाबाद के खोखरा इलाके में स्थित सेवंथ डे स्कूल के एक छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला होने से हड़कंप मच गया है. इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए 10वीं कक्षा के छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई है. इस घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और अभिभावकों में भारी आक्रोश है. 8वीं कक्षा के एक छात्र ने 10वीं के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे छात्र की मौत हो गई. इस घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. गुस्साए अभिभावकों ने स्कूल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. स्कूल के बाहर 2 हजार से ज्यादा लोग जमा हो गए और ‘पुलिस हाय-हाय’ के नारे लगाए. स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा है. अभिभावकों का दावा है कि स्कूल में मुस्लिम छात्रों की संख्या बढ़ने के कारण यह घटना हुई है.
इस मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौर ने कहा, “…दो छात्रों में झगड़ा हुआ और उनमें से एक ने दूसरे को चाकू मार दिया. पुलिस ने कल ही एफआईआर दर्ज कर ली थी. आरोपी को हिरासत में लिया गया था. इलाज के दौरान घायल बच्चे की मौत हो गई. इसलिए, उसका परिवार, अन्य छात्रों के अभिभावक और सिंधी समुदाय के लोग यहां एकत्र हुए हैं. पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी यहां मौजूद हैं. आगे की जांच की जा रही है…मृतक बच्चा सिंधी समुदाय से था और मुख्य आरोपी मुस्लिम समुदाय से है…”
घटना पर शिक्षा मंत्री की प्रतिक्रिया
इस मामले पर प्रफुल्ल पानसेरिया, शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि स्कूल में छात्र की हत्या की पूरी घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं. यह एक दुखद घटना है, परिवारजनों को सांत्वना देता हूं. यह घटना सामाजिक चिंतन और मनन का विषय है. छोटी उम्र के छात्र द्वारा छुरा से हमला करना एक खतरे का संकेत है. विकृत मानसिकता वाले छात्रों पर स्कूल को नजर रखनी चाहिए. स्कूल के बच्चों के छोटे-मोटे झगड़ों का हत्या तक पहुंचना चिंता का विषय है.
क्या थी घटना? मुस्लिम छात्र पर हत्या का आरोप
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले 8वीं और 10वीं कक्षा के छात्रों के बीच सीढ़ियों पर धक्का लगने की वजह से झगड़ा हुआ था. यह छोटी-सी बात पुरानी दुश्मनी में बदल गई. सोमवार को स्कूल के बाहर 8वीं के छात्र ने 9वीं और 10वीं के कुछ अन्य छात्रों के साथ मिलकर छात्र पर चाकू से हमला कर दिया. छात्र पेट पकड़कर स्कूल पहुंचा, जहां से उसे रिक्शे में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. लेकिन, गंभीर चोटों की वजह से उसकी मौत हो गई. हमलावर छात्र शाहआलम का रहने वाला है और उसे खोखरा पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस घटना में बच्चे की मौत का आरोप मुस्लिम छात्र पर लग रहा है. जिसकी आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है.
अभिभावकों का गुस्सा, स्कूल पर सवाल
इस घटना के बाद अभिभावकों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. उनका कहना है कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है. कई अभिभावकों ने बताया कि बच्चे शिकायत करते हैं, तो शिक्षक उन्हें ‘इग्नोर’ करने की सलाह देते हैं. सवाल यह भी उठ रहा है कि 8वीं का छात्र चाकू लेकर स्कूल के आसपास कैसे पहुंचा? स्कूल प्रशासन का कहना है कि वे रोज बच्चों की तलाशी लेते हैं और संभवत: हमलावर ने चाकू बाहर गाड़ी में छिपाया होगा. लेकिन सवाल है कि नाबालिग छात्र गाड़ी लेकर कैसे आया?
स्कूल का बयान
स्कूल की ओर से मयूरिका पटेल ने कहा, “कुछ दिन पहले दोनों छात्रों के बीच धक्का-मुक्की को लेकर झगड़ा हुआ था. हमें इसकी शिकायत नहीं मिली, लेकिन अभिभावकों को सूचना दी गई थी. यह घटना स्कूल के बाहर हुई.” स्कूल ने अगले दिन छुट्टी घोषित कर दी.
हंगामा और तोड़फोड़
घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने स्कूल में घुसकर तोड़फोड़ की. स्कूल की बसों, कारों और बाइकों को नुकसान पहुंचाया गया. कुछ लोगों ने स्टाफ के साथ मारपीट भी की. भीड़ ने स्कूल के दरवाजे और शीशे तोड़ दिए. स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस पहुंची, लेकिन भीड़ ने सड़क जाम कर ‘हाय-हाय’ के नारे लगाए. मणिनगर के विधायक, डीसीपी बलदेव देसाई, और एसीपी मौके पर पहुंचे. बजरंग दल, वीएचपी, और एबीवीपी के कार्यकर्ता भी ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए स्कूल पहुंचे.






