तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – गाजीपुर
दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जमसड़ा गांव का मामला
ट्यूबवेल हैण्डपम्प से मछलियां निकलने से ग्रामीण हैरान
एंकर- ख़बर गाजीपुर से है। जहां आज दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जमसड़ा गांव में पिछले दो दिनों से एक अजीबोगरीब घटना सामने आ रही है। यहां लगातार बारिश के बाद लोगों के हैंडपंप और ट्यूबवेल से पीले पानी के साथ मछलियां निकल रही हैं। यह नजारा न केवल गांव में बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी कौतूहल का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, जनपद में दो-तीन दिनों की लगातार बारिश के बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई है। जमसड़ा गांव के लगभग 20 से 25 घरों में हैंडपंप और ट्यूबवेल से विभिन्न प्रजातियों की मछलियां निकल रही हैं। गांव के नंदू कुशवाहा ने बताया कि 5 अक्टूबर की सुबह उनके 25-30 साल पुराने ट्यूबवेल से करीब सवा किलो छोटी मछलियां, जिनमें सिंघी, टेगना, गिरई और गोईजा शामिल थीं, निकलीं।
नंदू कुशवाहा ने आगे बताया कि अगले दिन भी उनके ट्यूबवेल से लगभग आधा किलो मछलियां निकलीं। उन्होंने कहा कि बारिश खत्म होने के बाद पहले उनके ट्यूबवेल से पीला और गंदा पानी निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद मछलियां आने लगीं। इसी तरह, सीता कुशवाहा के ट्यूबवेल और प्रमिला देवी के हैंडपंप से भी मछलियां निकलने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रमिला देवी ने बताया कि नहाने के दौरान उनके हैंडपंप से तीन छोटी मछलियां बाल्टी में आ गईं। चंपा देवी ने भी अपने हैण्डपम्प पर मछली निकलने की बात कही, जिससे वह दंग रह गईं।
ग्रामीणों ने बताया कि 4 अक्टूबर को हुई मूसलाधार बारिश के बाद जमसड़ा ग्राम सभा के लगभग 20 से 25 घरों में हैंडपंप का पानी पूरी तरह से प्रदूषित, पीला और दुर्गंधयुक्त हो गया है। पालतू जानवर भी इस पानी को पीने से मना कर रहे हैं, जिसके कारण ग्रामीण अब खाना बनाने और पीने के लिए आरओ का पानी मंगाने को मजबूर हैं। इस अनोखी घटना को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंच रहे हैं।






