तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के प्रीत नगर स्थित पहलवान ट्रांसपोर्ट के पास रविवार को देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार शक्तिनगर से वाराणसी की ओर जा रही एक नई चेचिस ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।स्थानीय लोगों ने साहस और सतर्कता दिखाते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने किसी तरह चालक को बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर अक्सर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रीत नगर क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर या चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। हादसे की जांच जारी है, पुलिस का कहना है कि ट्रक मालिक और चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।






