तेज़ एक्सप्रेस न्यूज -किरण साहनी
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरमुरा गांव के पास गुरुवार की शाम को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो कारों की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य मामूली चोटें आना बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, झारखंड राज्य के डाल्टनगंज निवासी सतीश दुबे (55 वर्ष) पुत्र सिद्धेश्वर दुबे व रूपेश कुमार (35 वर्ष) पुत्र संतोष राम अपनी टाटा हैरियर कार से वाराणसी की ओर जा रहे थे। जब वे गुरमुरा क्षेत्र के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही मारुति ईको कार से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तीव्र थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।हादसे में टाटा हैरियर सवार सतीश दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि साथ में मौजूद रूपेश कुमार को हल्की चोटें आईं। वहीं मारुति ईको कार सवार रोहित गुप्ता (35 वर्ष) पुत्र हीरालाल निवासी गुरमुरा को भी मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को चोपन क्षेत्र के डाला स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।सूचना पाकर चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।





