तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
दुद्धी (सोनभद्र): स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मल्देवा गांव में बीती रात चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष की सूचना पर दुद्धी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया।जानकारी के अनुसार, मल्देवा गांव निवासी शिव प्रसाद, जो बिजली विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी हैं, अपने परिवार सहित कुछ दिनों से दुद्धी कस्बे में रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। मकान बंद था, इसी बीच शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का मेन गेट तोड़ डाला और अंदर घुसकर अलमारी की तलाशी ली। बताया जाता है कि चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।पीड़ित की पत्नी ने बताया कि वह इन दिनों अपने मायके दुद्धी वार्ड नंबर 4 में रह रही थीं। बीती रात करीब 11 बजे वह अपनी बिटिया को दिल्ली के लिए मुरी एक्सप्रेस पकड़वाने रेलवे स्टेशन गई थीं। बिटिया को ट्रेन में बैठाने के बाद वह रात में अपने मायके वापस लौट आईं। अगले दिन यानी रविवार दोपहर करीब 12 बजे जब वह अपने घर मल्देवा पहुंचीं तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है। अंदर जाने पर देखा कि अलमारी का ताला भी टूटा हुआ है और घर के सामान बिखरे हुए हैं। जब उन्होंने अलमारी में रखे जेवरों की जांच की तो सभी गायब मिले। यह देख वह स्तब्ध रह गईं।घटना की सूचना तुरंत कोतवाली दुद्धी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर जांच शुरू कर दी है। इस दौरान आसपास के निवासियों से भी पूछताछ की गई है।दुद्धी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने चोरी के मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर इसमें शामिल अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही पुलिस गांव और आस-पास के क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों पर नजर रख रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सक्रिय निगरानी टीम तैनात करने की मांग की है।






