तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात एक युवक का आपसी विवाद के बाद धारदार हथियार से प्राइवेट पार्ट काट दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और दोनों आरोपियों से पूछताछ कर वास्तविक तथ्य की जानकारी ले रही है।
चुर्क गांव निवासी 29 वर्षीय पीड़ित युवक ऑटो चलाता है। रविवार रात वह चुर्क गांव से पहले बने पुलिया के पास कुछ दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उस पर हमला किया गया। हमले में युवक का प्राइवेट पार्ट गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सीओ सिटी रणधीर कुमार मिश्रा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि चुर्क निवासी पप्पू पुत्र कमला को चोटें आई थीं। अस्पताल में उनसे पूछताछ की गई। शुरुआत में नशे की हालत में होने के कारण पप्पू कुछ बता नहीं पाए। सोमवार सुबह पूछताछ में उन्होंने बताया कि राजेश और भवानी नामक दोस्तों के साथ नशा किया था और नशे में ही उनका आपस में विवाद हो गया, जिसमें उन्हें चोटें आईं। पुलिस ने पप्पू की तहरीर पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने राजेश और भवानी को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है ताकि घटना के वास्तविक तथ्यों का पता चल सके। मौके पर स्थिति सामान्य है।





