तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र-दुद्धी। जनसामान्य को नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देने तथा उन्हें डिजिटल पुलिसिंग व्यवस्था से जोड़ने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार की शाम जनपद के दुद्धी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पहला कार्यक्रम बस स्टेशन स्थित महिला सहायता केंद्र पिंक बूथ पर शाम छह बजे तथा दूसरा कार्यक्रम रात्रि आठ बजे स्थानीय महिला थाना परिसर में संपन्न हुआ।कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय ने की। इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र देव सिंह, महिला पुलिसकर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। क्षेत्राधिकारी राय ने नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इन कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को तेज, प्रभावी और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने बताया कि अब नागरिक कहीं से भी अपने स्मार्टफोन के माध्यम से ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए पुलिस विभाग द्वारा डिजिटल एफ आईआर ऐप विकसित किया गया है, जिसके जरिए शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया सरल और सुलभ हो जाएगी।सीओ दुद्धी ने कहा कि पुलिस विभाग अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर कार्य कर रहा है। महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि किसी के साथ अपराध या अत्याचार होता है, तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराए। अब महिला संबंधी अपराधों में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया और भी त्वरित होगी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान गवाहों और पीड़ितों के बयान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी लिए जा सकेंगे, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और संवेदनशील बनेगी।थाना प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आमजन को कानूनों की जानकारी होना आवश्यक है ताकि वे अपने अधिकारों व कर्तव्यों को समझ सकें। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गांव-गांव और वार्ड स्तर पर भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिससे हर नागरिक तक इन कानूनों की जानकारी पहुंच सके।कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने उपस्थित लोगों के प्रश्नों के उत्तर दिए और कानून संबंधी बुकलेट वितरित की। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि आमजन नए कानूनी प्रावधानों से पूरी तरह अवगत होकर उनका लाभ उठा सकें।






