पंचकुंडीय विराट रुद्र महायज्ञ के सातवें दिन श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। अयोध्या के नंदीग्राम भरतकुंड स्थित भरत हनुमान मिलन मंदिर परिसर में चल रहे पंचकुंडीय विराट रुद्र महायज्ञ के सातवें दिन सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। यज्ञ मंडप की परिक्रमा के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी क्रम में वाराणसी से पहुंचे राष्ट्रीय बाल कलाकारों ने अपने माता-पिता के साथ भगवान शिव की आराधना करने के बाद भिखारी बाबा का आशीर्वाद लिया।आयोजन समिति ने बताया कि यह पंचकुंडीय रुद्र महायज्ञ मणिराम छावनी रामजन्मभूमि अयोध्या के महंत कमल नयन दास जी महाराज के आशीर्वाद और भिक्षुक भिखारी जंगली दास दीनबंधु रमाशंकर गिरी जी महाराज की अध्यक्षता में चल रहा है। यज्ञ संचालन का कार्य आचार्य गोपालधर द्विवेदी, राजेश कुमार पाठक, हरिओम द्विवेदी, राजेश तिवारी, रेवती तिवारी, रामपूजन मिश्र, योगेश तिवारी, कौशल तिवारी व निर्भय शुक्ला कर रहे हैं।विशेष बात यह रही कि प्रकृति संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यज्ञ में 251 औषधीय जड़ी-बूटियों से निर्मित विशेष हवन सामग्री से आहुति दी जा रही है। यज्ञस्थल पर जैसे ही आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियाँ दी गईं, वातावरण मंत्रमुग्ध कर देने वाला बन गया।श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने के बाद जयकारों के साथ भक्ति भावना व्यक्त की। इस दौरान समूचा परिसर ‘हर हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से गूंजायमान हो उठा। आयोजन के तहत प्रतिदिन चल रहे विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और संतों का आशीर्वाद लिया।वाराणसी से पहुंचे मनीष कुमार ने बताया कि उनके तीनों बच्चे श्री राम और श्री राधे कृष्ण राष्ट्रीय बाल कलाकार हैं। उन्हें राज्यपाल द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। ये तीनों बाल कलाकार हारमोनियम संग भजन गायन में पारंगत हैं और अयोध्या नंदीग्राम महोत्सव में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किए गए हैं। मनीष कुमार ने बताया कि उनकी धर्मपत्नी कृति सागर कवयित्री हैं।कार्यक्रम में महंत परमात्मा दास जी महाराज, सम्पूर्णानंद जी, मुख्य यजमान चोपड़ा चेनराज, शुभराम महाराज, राजेंद्र महाराज, रामखेलावन, खुशहाल मिश्रा, प्रहलाद, मुन्ना बाबा सहित बड़ी संख्या में साधु-संत व भक्तजन उपस्थित रहे।कन्याओं की शादी कार्यक्रम स्थगित अयोध्या के नंदीग्राम भरतकुंड में 5 नवंबर को प्रस्तावित कन्याओं के सामूहिक विवाह कार्यक्रम को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी आयोजक भिखारी बाबा ने देते हुए बताया कि नई तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।

Leave a Comment