तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के विकास नगर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवाकेंद्र का 24 वां वार्षिकोत्सव “नवयुग अभिनंदनम्” समारोह सोमवार को धार्मिक उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आरंभ परमात्म स्मृति के साथ हुआ, जिसके उपरांत ब्रह्माकुमारी बहनों ने मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र, तिलक, पुष्पमाला और बुके से स्वागत किया। दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता मिर्जापुर से पधारी बीके बिंदु दीदी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था आज विश्व के 140 देशों में 8000 से अधिक सेवा केंद्रों के माध्यम से ईश्वरीय ज्ञान और राजयोग का प्रचार-प्रसार कर मानवता की सेवा में निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि परमात्मा ने आदि सनातन संस्कृति के पुनरुत्थान के लिए नारी शक्ति को अग्रदूत बनाया है, ताकि वह समाज में शांति, प्रेम और आत्मिक ऊर्जाओं का संचार कर सके।मुख्य अतिथि एएसपी अनिल कुमार ने कहा कि जब तक जीवन में ज्ञान का बोध नहीं होगा, तब तक मनुष्य श्रेष्ठ कर्म नहीं कर सकता। उन्होंने आत्मा की शुद्धि और आध्यात्मिकता की वापसी को जीवन की सार्थकता से जोड़ा। विशिष्ट अतिथि सीओ रणधीर मिश्रा ने कहा कि युग परिवर्तन की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है और हर व्यक्ति को अंतर्जगत की यात्रा से जुड़कर आत्म कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।साईं हॉस्पिटल की डायरेक्टर डॉ. अनुपमा सिंह ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था से जुड़ने के बाद उन्हें जीवन के वास्तविक उद्देश्य का बोध हुआ, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक लोग संस्था के कार्यों से जुड़कर आत्मविकास की दिशा में आगे आएं। एडवोकेट विकास शाक्य ने कहा कि हमें अपने तन, मन और समय को मानव सेवा के कल्याण में लगाना चाहिए, जो जीवन को सफल बनाता है।स्थानीय सेवाकेंद्र की मुख्य संचालिका बीके सुमन दीदी ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सेवाकेंद्र आध्यात्मिक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और सनातन संस्कृति के संरक्षण का केंद्र है। यहाँ की सभी सेवाएँ निःशुल्क उपलब्ध हैं और हर व्यक्ति इससे लाभ उठा सकता है। उन्होंने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बीके हरिन्द्र भाई ने किया।समारोह में पूर्व चेयरमैन कृष्ण मुरारी गुप्ता, अवधेश धर दुबे, मनोज धर दुबे, डॉ. संजय सिंह, विजय कनौडिया सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए संस्था से जुड़े सदस्य व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बीके प्रतिभा, बीके सीता, बीके सरोज, बीके कविता, बीके दीपशिखा, संगीता बहन और गोपाल भाई का विशेष योगदान रहा।






