गड़दरवा गांव में कच्चा मकान गिरा, एक बकरी की मौत, परिवार बेघर लेखपाल की लापरवाही पर गांव वालों में आक्रोश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के गड़दरवा गांव में शुक्रवार की भोर लगभग साढ़े तीन बजे एक खपरैल कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। दुर्घटना के समय घर के अंदर परिवार सो रहा था। हादसे में मलबे के नीचे दबकर तीन बकरियां फंस गईं, जिनमें से एक बकरी की मौत हो गई जबकि दो को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इस हादसे में घर के मालिक 35 वर्षीय रामचरन पुत्र विमलेश को मामूली चोटें आई हैं।ग्राम प्रधान जयबाबू ने बताया कि हादसे के वक्त रामचरन अपने छोटे बच्चे के साथ चारपाई पर सोए हुए थे। सौभाग्य से मलबा बच्चे के ऊपर नहीं गिरा, अन्यथा एक बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था। प्रधान ने बताया कि मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया है, जिसके कारण रामचरन का परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।प्रधान जयबाबू ने कहा कि घटना की सूचना देने के लिए कई बार क्षेत्रीय लेखपाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गांव का लेखपाल न तो कभी फोन पर उपलब्ध होता है और न ही नियमित रूप से गांव में भ्रमण करता है।गांव के ग्रामीणों का कहना है कि बरसात और ठंड के मौसम में बेघर हुए परिवार को तत्काल राहत दी जानी चाहिए। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से मलबे में नुकसान का आकलन कर शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।इस हादसे के बाद से गांव में प्रशासनिक उदासीनता को लेकर नाराजगी फैल गई है। लोगों का कहना है कि अगर समय पर सर्वे और मदद नहीं दी गई तो वे सामूहिक रूप से तहसील पहुंचकर धरना देने को मजबूर होंगे।

Leave a Comment