तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र खलियारी (नगवां): रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला कार्यक्रम के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खलियारी में स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य सेवाएं लेने पहुंचे। कुल 90 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवा प्रदान की गई।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खलियारी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि मेले में बुखार, खांसी, शुगर, ब्लड प्रेशर आदि रोगों से ग्रसित मरीजों का परीक्षण कर उचित दवा दी गई। उन्होंने कहा कि आरोग्य मेले के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।गर्भवती महिलाओं की जांच का कार्य एएनएम सरस्वती देवी ने संभाला। उन्होंने बताया कि कुल 7 गर्भवती महिलाओं का वजन, बीपी, हेमोग्लोबिन, एचआईवी जांच की गई। जांच के बाद सभी को आयरन, कैल्शियम और फोलिक एसिड की दवाएं प्रदान की गईं। इस दौरान 2 महिलाओं का सफल प्रसव भी कराया गया।लैब तकनीशियन सोनाली ने बताया कि मेले में 25 मरीजों के ब्लड सैंपल जांचे गए, जिनमें हिमोग्लोबिन, मलेरिया, टायफॉयड और शुगर की जांच शामिल रही। सभी रिपोर्ट सामान्य पाई गईं।फार्मासिस्ट अनूप कुमार और सीएचओ सुनीता यादव ने मरीजों को दवा वितरण कर उपचार हेतु आवश्यक परामर्श दिया। मेले में खलियारी, बलियारी, पंडरी, रायपुर, तेंदुआ, सुअरसोत, मांची, नगवां, दरमा, करही के अलावा सीमावर्ती बिहार के सीकरी, सिकरवार और अधौरा गांवों से भी मरीज पहुंचे।स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस प्रकार का मेला ग्रामीण क्षेत्र के लिए बेहद उपयोगी है, क्योंकि इससे दूर-दराज़ के लोगों को एक ही स्थान पर सभी प्रकार की जांच व उपचार की सुविधा मिल जाती है।






