तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। यातायात माह के अवसर पर जिले भर में पुलिस ने सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। सोमवार को दिनभर विभिन्न थाना क्षेत्रों में टीमों ने सघन निरीक्षण करते हुए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया। इस दौरान जहां नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई, वहीं आम नागरिकों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक भी किया गया।जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पूरे जनपद में चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 811 चालान जारी किए और 4 वाहनों को सीज किया। इनमें ड्रिंक एंड ड्राइव के 2, बिना नंबर प्लेट के 191, तथा बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, तीन सवारी, हूटर, प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर जैसी विभिन्न नियम उल्लंघनों से संबंधित 618 चालान शामिल थे। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों में यातायात नियमों के प्रति अनुशासन की भावना विकसित करना है। साथ ही महिला सुरक्षा पर विशेष बल दिया गया है। मिशन शक्ति अभियान के दिशा-निर्देशों के तहत महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक बिंदुओं पर सतर्क किया गया।अभियान के दौरान पुलिस ने सोनभद्र के प्रमुख बाजारों, हाईवे और चौराहों पर नुक्कड़ सभाएँ, पंपलेट वितरण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। यात्रियों और छात्रों को हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, तेज रफ्तार से बचने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। स्कूलों एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात की शपथ भी दिलाई गई।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियान पूरे महीने जारी रहेगा और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिन्हें पहली बार पकड़ा गया, उन्हें चालान के साथ चेतावनी दी गई कि दोबारा गलती करने पर भारी जुर्माना और वाहन सीज की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों के जीवन को सुरक्षित बनाएं।






