तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र ओबरा संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को सोन चेतना सामाजिक संगठन द्वारा नागरिकों के मूल अधिकारों की रक्षा को लेकर एक शांतिपूर्ण पदयात्रा निकाली गई। संगठन के सदस्यों ने समानता, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छ वातावरण और प्रशासनिक उत्तरदायित्व जैसे संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण की मांग की।संगठन के संस्थापक अभिषेक अग्रहरी के नेतृत्व में यह पदयात्रा पुराने थाने परिसर में स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर दूध और जलाभिषेक व माल्यार्पण के बाद प्रारंभ हुई। जुलूस हनुमान मंदिर चौराहा, शिक्षा निकेतन, आर्य समाज सड़क, सेक्टर-8 मार्ग से होते हुए ओबरा तहसील पहुँचा। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने भारतीय संविधान जिंदाबाद हम अपना अधिकार मांगते नहीं, मानते हैं” और बाबा साहब अमर रहें” जैसे नारे लगाकर जन-जागरूकता का संदेश दिया।तहसील परिसर पहुंचने पर उप-जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिल्ली–मारकुड़ी खनन क्षेत्र में हाल ही में हुई दुर्घटना को सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम बताते हुए खनन व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच, डिजिटल निगरानी और पारदर्शी प्रबंधन की मांग रखी गई। साथ ही नगर में बढ़ते प्रदूषण, तापीय परियोजनाओं से निकल रहे धुएं, तथा ओबरा अस्पताल में आईसीयू व ट्रॉमा यूनिट की अनुपलब्धता को नागरिकों के मूल अधिकारों का उल्लंघन बताया गया।ज्ञापन में ओबरा इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी, संसाधनों के अभाव, खनन एवं औद्योगिक क्षेत्रों से फैल रहे प्रदूषण पर कड़ी निगरानी, AQI मॉनिटरिंग सिस्टम, स्वच्छता एवं नागरिक संवाद समिति के गठन और DMF निधि के पारदर्शी उपयोग की मांग भी की गई। संगठन ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़े संवैधानिक अधिकार तभी प्रभावी रूप से लागू होंगे जब प्रशासनिक स्तर पर इन पर ठोस कदम उठाए जाएं।सामाजिक कार्यकर्ता सूर्या पटेल ने कहा कि संविधान दिवस जनहित की आवाज़ को सरकार तक पहुँचाने का अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इन बिंदुओं पर सकारात्मक निर्णय लेकर ओबरा के विकास की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।पदयात्रा में सूर्या पटेल, मनीष कुमार, आयुष जायसवाल, अभिषेक जायसवाल, गौरव राव, प्रिंस गुप्ता, हर्ष अग्रहरि, अमन जायसवाल, अभिषेक राव, सुशील कुमार, हिफाजत अली, महेश कुमार, नितेश गुप्ता, आदित्य साहनी, विकास कुमार, बबलू कुमार, अमनोल, शिव परसाद, ऋषभ राव, अमजद खान, धीरज मार्का, मनीष दुबे सहित बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी एवं नागरिक शामिल रहे।






