लोकेशन सोनभद्र यूपी रिपोर्ट कन्हैयालाल
सोनभद्र जनपद के नगवां विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत चेरुई में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पहली बार चेरुई पहुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन से सीधे संवाद कर अपनी बात रखी।
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने हर घर नल जल योजना में हो रही अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि कई घरों तक अब तक नल कनेक्शन नहीं पहुंचा है, वहीं कुछ स्थानों पर पानी की आपूर्ति नियमित नहीं हो पा रही है। इसके साथ ही किसानों ने समय पर खाद उपलब्ध न होने और धान खरीद केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया शुरू न होने की शिकायतें भी दर्ज कराईं। किसानों का कहना था कि इन समस्याओं के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं की जमीनी हकीकत की जांच की जाए और जिन स्थानों पर लापरवाही पाई जाए, वहां तत्काल सुधार किया जाए। साथ ही धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं आम जनता के लिए हैं और इनमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की सभी जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसका हक हर हाल में मिलेगा।






