तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
ओबरा (सोनभद्र)।
स्वामी सत्यानन्द सरस्वती सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल, सेक्टर–08 ओबरा सोनभद्र के प्रांगण में आज दिनांक 18 दिसम्बर 2025 को नवनिर्मित विद्यालय मंच का भव्य उद्घाटन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रबंधक स्वामी जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। मंच के उद्घाटन के साथ ही विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और उल्लासपूर्ण वातावरण से गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना से की गई, जिसके बाद बच्चों ने नेपाली नृत्य, योगा प्रदर्शन तथा विभिन्न मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की अनुशासित प्रस्तुति, भाव-भंगिमाओं और आत्मविश्वास ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संध्या गिरि ने कहा कि “नवीन विद्यालय मंच भविष्य की प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम सिद्ध होगा। यह मंच विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास—शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक—को नई दिशा देगा।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि वर्ष 2026 से विद्यालय में प्री-नर्सरी एवं कक्षा 12 की कला वर्ग की कक्षाएं सुचारू रूप से प्रारम्भ की जाएंगी, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की और विद्यालय के प्रयासों को शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम बताया। समारोह में उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं, जिनमें प्रमुख रूप से विद्यालय प्रबंधक श्री स्वामी जी, प्रधानाचार्या श्रीमती संध्या गिरि, उपप्रधानाचार्य श्री इमतियाज अहमद, साथ ही अंजु गुप्ता, दुर्गावती, प्रियंका शुक्ला, राकेश कुमार, मनीष कुमार, रमेश, इन्द्रजीत, आशुतोष सोनी, रचना उपाध्याय, अम्बिका गिरि, सुधा पाण्डेय, नेहा, श्वेता, स्वाती, अदिती गुप्ता, सरस्वती, रंजना पाण्डेय, सुभाषिनी, आस्था, पूनम, प्रतीक्षा, दीपिका, रितेश कुमार, प्रभाकर, नितिन, दीपक, चंदन, शिवम, विजय, सुभांशु पाठक सहित अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।






