तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 को ज़मीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने के लिए जनपद सोनभद्र में पुलिसकर्मियों की लिखित परीक्षा आयोजित की गई।आज दिनांक 19 दिसम्बर 2025 को पुलिस लाइन चुर्क स्थित परेड ग्राउंड में सुबह 09 बजे से 10 बजे तक आयोजित इस परीक्षा में पूरे जनपद के प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात उप निरीक्षक, आरक्षी व महिला आरक्षियों ने भाग लिया।परीक्षा में महिला अपराधों की रोकथाम, पीड़िताओं को त्वरित सहायता, मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0, SOP, पीड़िता-केंद्रित पुलिसिंग, शिकायत निस्तारण प्रक्रिया तथा संवैधानिक व विधिक प्रावधानों से जुड़े 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न शामिल किए गए। आयोजन पूरी तरह अनुशासन, पारदर्शिता और सख़्त निगरानी के बीच संपन्न हुआ।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने स्पष्ट किया कि ऐसी परीक्षाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिसकर्मियों की संवेदनशीलता, जागरूकता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए किए जा रहे हैं, ताकि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल मिले और पीड़िताओं को तुरंत व प्रभावी सहायता सुनिश्चित की जा सके।






