तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र/घोरावल।ग्राम पंचायत में आयोजित भव्य ग्राम चौपाल के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पाकर ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। चौपाल में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से जानकारी ग्रामवासियों को दी गई और मौके पर ही उनकी समस्याएं सुनी गईं।चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बात रखी। घुनिया पत्नी खटकधारी ने बताया कि उन्हें वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं सुरसति एवं संतरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब तक आवास न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। राजकुमार पुत्र तिलक ने जानकारी दी कि उन्हें पेंशन मिल रही है, जबकि लालता सिंह ने बताया कि उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत कार्य किया है और मजदूरी की धनराशि सीधे उनके खाते में प्राप्त हो चुकी है। श्री दशमी ने अवगत कराया कि उनका आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बन सका है। वहीं पूनम पाण्डेय ने बताया कि उन्हें अब तक शौचालय एवं आवास योजना का लाभ नहीं मिला है।जल जीवन मिशन के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पाइपलाइन एवं टोटी लगाने का कार्य तो हो गया है, लेकिन पानी की आपूर्ति नियमित नहीं है, कभी-कभी ही पानी आता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।चौपाल में आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा बताया गया कि नवम्बर माह में पुष्टाहार का वितरण किया जा चुका है। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा के साथ-साथ निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी महोदया श्रीमती जागृति अवस्थी ने ग्राम चौपाल में सामने आई सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।सीडीओ ने ग्रामीणों से गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभाने का संदेश भी दिया।ग्राम चौपाल में जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी घोरावल, खण्ड शिक्षा अधिकारी घोरावल एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी घोरावल सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।ग्राम चौपाल के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला, जिससे ग्रामीणों में अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर नई उम्मीद जगी।






