तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – कन्हैयालाल
सोनभद्र
अभियान के तहत थाना रायपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में 09.200 किलोग्राम नाजायज गांजा बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 21 दिसंबर 2025 को थाना रायपुर पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग एवं गश्त के दौरान बैनी बाजार में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चौखड़ा से लगभग 100 मीटर आगे नौगढ़–चंदौली मार्ग पर झाड़ियों के पास दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दो बैग लेकर खड़े हैं, जिनके पास मादक पदार्थ होने की संभावना है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की।
करीब 11:35 बजे पुलिस ने दोनों संदिग्ध व्यक्तियों को झोला/बैग सहित पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम यशवंत राव एवं इंद्रजीत यादव उर्फ चंदन यादव बताया। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उनके पास मौजूद बैग में गांजा है, जिसे वे उड़ीसा से चंदौली ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान उनके बैग से भूरे टेप से लिपटे कुल 09 बंडल बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 09.200 किलोग्राम पाया गया।
इस बरामदगी के आधार पर थाना रायपुर पर मु0अ0सं0-169/2025 धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे पैसों के लालच में आनंद कुमार बनिया एवं मनोज कुमार बनिया के कहने पर गांजा की तस्करी कर रहे थे। पुलिस द्वारा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
थाना रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।





