तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – कन्हैयालाल
सोनभद्र
सोनभद्र में आदिवासी अधिकारों को लेकर सूचना आयुक्त का दो दिवसीय दौरा, समस्याओं के समाधान के निर्देश
सोनभद्र जनपद में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे सूचना आयुक्त प्रद्युम्न नारायण द्विवेदी ने अनुसूचित जनजाति समुदाय से जुड़े मामलों को गंभीरता से सुना और ठोस समाधान का भरोसा दिलाया। एसी/एसटी आयोग के सदस्य रामसेवक सिंह खरवार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के सानिध्य में जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं।
बैठक में खतौनी, पट्टा, जंगल जमीन पर मलकाना हक, राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज होने जैसी वर्षों से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। सूचना आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र आदिवासियों को शीघ्र पट्टा उपलब्ध कराया जाए तथा प्रक्रियागत अड़चनों को दूर कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
एसी/एसटी आयोग के सदस्य रामसेवक सिंह खरवार ने कहा कि वे अपने क्षेत्र के आदिवासियों के हक के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं और हर स्तर पर अधिकारियों से मिलकर समस्याओं को उठाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना आयुक्त ने आदिवासी समुदाय की प्रत्येक बात को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जंगल जमीन पर अधिकार और पट्टा दिलाने के मुद्दे पर वे मुख्यमंत्री से सीधे बात करेंगे। उनका लक्ष्य है कि सोनभद्र में अधिक से अधिक अनुसूचित जनजाति परिवारों को वैधानिक पट्टा मिले और कोई भी अपने अधिकार से वंचित न रहे। बैठक से आदिवासी समाज में नई उम्मीद जगी है।





