सोनभद्र में हिंदू चेतना का महाकुंभ, आरएसएस शताब्दी पर भव्य सम्मेलन का आयोजन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरन साहनी

सोनभद्र।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद सोनभद्र के विकासखंड नगवां अंतर्गत खलियारी मंडल स्थित किसान निर्मल इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रांगण में बुधवार को सकल हिंदू समाज द्वारा भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता दिनेश सिंह ने कहा कि “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूरे होना हिंदू समाज के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। यह सौ वर्ष की यात्रा हमारे गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और मूल्यों की पुनः स्थापना का प्रतीक है। आज इसके सकारात्मक परिणाम पूरे देश में दिखाई दे रहे हैं। सनातन संस्कृति की जय-जयकार हर दिशा में गूंज रही है और मां भारती अपनी धानी चुनरिया में सजी हुई पुनः विश्व पटल पर हिंदू संस्कृति की अमिट छाप छोड़ रही हैं।”
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज कभी भी विस्तारवादी नहीं रहा, लेकिन अब समय की आवश्यकता है कि अपनी संस्कृति, परंपरा और अस्तित्व की रक्षा के लिए हमें सशक्त और जागरूक होना होगा। जो लोग हमारी संस्कृति पर बुरी दृष्टि रखते हैं, उन्हें सशक्त उत्तर देना ही होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी संस्कृति, राष्ट्र और समाज के प्रति सजग रहें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. पी.एन. पाण्डेय ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत और उसकी संस्कृति की ओर आशा भरी दृष्टि से देख रहा है। विश्व जानता है कि हम उस सभ्यता से आते हैं जो सदैव न्याय, सत्य और धर्म की बात करती है। उन्होंने कहा कि आज भले ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की चर्चा हो रही हो, लेकिन हमारी भारतीय संस्कृति पहले से ही उससे कहीं आगे रही है। मस्तक पर तिलक, चोटी, कलावा धारण करना तथा प्रातः अपने पूज्यजनों के चरणों में वंदन करना – इन सबके पीछे गहरा वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व छिपा हुआ है।
सम्मेलन में सकल हिंदू समाज आयोजन समिति के विभाग संयोजक धनंजय पाठक, जिला संयोजक/अध्यक्ष आलोक कुमार चतुर्वेदी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए हिंदू समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में राहुल, रामकीर्ति, विजय, हिरेश, रमाकांत, श्यामसुंदर पाण्डेय, श्रीकांत, महेंद्र, रवि कुमार, सिम्पू पाण्डेय, कलावती जायसवाल, बलिराम दास जी महाराज (संत), संदीप, पन्नालाल, राकेश, रामसेवक खरवार, श्याम बिहारी, अभय जी, राकेश जी, श्याम मोहन पाण्डेय जी, रमाकांत जी, राजेश चौरसिया जी, विजय यादव जी, आशुतोष जी, महेंद्र जायसवाल जी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment