तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र, कलेक्ट्रेट सभागार में एक यादगार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी विनियमन/राजस्व वागीश कुमार शुक्ला और प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी इन्द्रावती यादव ने आर्चरी, संगीत, एथलेटिक्स, योगा, भाषण जैसे क्षेत्रों में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय स्तर के वीर बाल दिवस समारोह के लाइव प्रसारण से हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरक संदेश सभी उपस्थित बच्चों ने सुने। दोनों नेताओं ने साहिबजादों के बलिदान को नमन करते हुए बच्चों को उनके अदम्य साहस से प्रेरणा लेने और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गईं।शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को बैग और मेमोरेंडम देकर पढ़ाई के प्रति उत्साहित किया गया। वीर बालकों के साहस, बलिदान और राष्ट्रप्रेम पर विस्तार से चर्चा हुई, जो सभी के मन में गहरी छाप छोड़ गई। कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सभी को ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई।इस भव्य आयोजन में बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, वन स्टॉप सेंटर, जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन, हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वुमेन, शिक्षकगण, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा ने किया।जिला सूचना कार्यालय सोनभद्र द्वारा जनहित में प्रसारित।






