तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार ने फिर छीना बचपन
सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहनों की दहशत से दहल उठा। सलैयाडिह ग्राम पंचायत अंतर्गत सितामोड़ चौराहे के पास शनिवार को एक अनियंत्रित टिप्पर ने बाइक सवार किशोर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि सड़क पर चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका कुछ देर के लिए ठहर सा गया।
इस दर्दनाक दुर्घटना में 17 वर्षीय छात्र रेहान अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान रेहान अंसारी पुत्र सलीम अंसारी, निवासी ग्राम बुटवेढ़वा के रूप में हुई है। बताया गया कि रेहान शनिवार सुबह करीब 11 बजे स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन किसे पता था कि वह रास्ते में मौत से जूझता मिलेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झारखंड की ओर जा रहा तेज रफ्तार टिप्पर सितामोड़ चौराहे से आगे अचानक बाइक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेहान बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरा और बुरी तरह घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए बिना देर किए घायल किशोर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक सत्येंद्र प्रसाद ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर बताते हुए उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। सूचना पर पहुंची विंढमगंज पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टिप्पर को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के प्रार्थना पत्र के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल
क्या सोनभद्र की सड़कों पर भारी वाहनों की रफ्तार पर कभी लगाम लगेगी?
कब तक मासूम बच्चे यूं ही स्कूल जाते वक्त सड़क हादसों का शिकार बनते रहेंगे?
और कब जागेगा प्रशासन, इससे पहले कि कोई और घर उजड़ जाए?






