तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र।ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलने वाला ऐतिहासिक कानून अब ज़मीन पर उतर चुका है। सोनभद्र के सर्किट हाउस चुर्क में पत्रकारों से संवाद करते हुए प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार (स्टाम्प, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग) रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि “विकसित भारत–रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) – वीबी-जी-राम जी” ग्रामीण जनता के लिए एक गेमचेंजर कानून साबित होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन अधिनियम–2025 से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई जान आएगी। अब ग्रामीण श्रमिकों को 100 नहीं बल्कि 125 दिन का सुनिश्चित रोजगार मिलेगा, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक निर्णय है।
काम नहीं तो भत्ता, देरी पर मुआवजा तय
प्रभारी मंत्री ने बताया कि पुराने मनरेगा कानून में बेरोजगारी भत्ता सिर्फ कागज़ों तक सीमित था, लेकिन नए कानून में सभी अड़चनें समाप्त कर दी गई हैं।
अब यदि श्रमिक काम मांगने के बाद भी रोजगार नहीं पाता है, तो बेरोजगारी भत्ता स्वतः उसके खाते में पहुंचेगा।
इतना ही नहीं, मजदूरी भुगतान में देरी पर हर दिन का मुआवजा तय किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पहले मजदूरों को मजदूरी के लिए महीनों चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन वीबी-जी-राम जी के तहत यदि भुगतान 7 दिन के भीतर नहीं हुआ, तो श्रमिकों को ब्याज सहित भुगतान किया जाएगा।
जियोटैग फोटो-वीडियो से होगी पारदर्शिता
ग्रामीण योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पंचायत निर्णय ऐप के माध्यम से कार्यों की जियोटैग्ड फोटो और वीडियोग्राफी रियल टाइम अपलोड की जाएगी।
इस व्यवस्था से फर्जीवाड़े पर पूरी तरह रोक लगेगी और श्रमिकों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे।
घोटालों पर लगाम, मजबूत गांव की ओर कदम
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पुराने मनरेगा ढांचे में पारदर्शिता के ठोस प्रावधान नहीं थे, जिसके कारण श्रमिकों के नाम पर बड़े घोटाले होते थे।
नया कानून कार्यस्थल की गरिमा, मजबूत गांव, टिकाऊ संसाधन और जवाबदेह शासन की मजबूत नींव रखता है।
जनप्रतिनिधि और पत्रकार रहे मौजूद
कार्यक्रम में एमएलसी विनीत सिंह, विधायक सदर भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, अपना दल (एस) जिलाध्यक्ष अंजनी पटेल, निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष अनिकेत निषाद, राष्ट्रीय लोक दल जिलाध्यक्ष श्रीकांत तिवारी, सुभासपा जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय, मीडिया प्रभारी अनुप तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पत्रकार उपस्थित रहे।






