तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र | राष्ट्रीय युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद जयंती) के अवसर पर युवाओं को कानून के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक सार्थक पहल करते हुए माँ भगवती विधि महाविद्यालय, चुर्क, रॉबर्ट्सगंज में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता लेन्द्र यादव, अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र ने महाविद्यालय परिसर में स्थापित लीगल एड क्लिनिक एवं मूट कोर्ट का निरीक्षण किया और विधि छात्रों से संवाद किया। उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कानूनों की विस्तार से जानकारी देते हुए छात्रों को बाल विवाह मुक्त समाज की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग ही सामाजिक परिवर्तन की सबसे मजबूत कड़ी है और विधि के छात्र कानून के माध्यम से समाज को नई दिशा दे सकते हैं। इस दौरान छात्रों को महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित कानूनों, नालसा (NALSA) की विभिन्न योजनाओं, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 तथा निःशुल्क विधिक सहायता के अधिकारों के बारे में सरल एवं प्रभावी ढंग से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अखिलेश मिश्र, समस्त शिक्षकगण एवं लगभग 50 विधि स्नातक विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विधि छात्रों से आह्वान किया गया कि वे नालसा की योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाते हुए आमजन तक न्याय और अधिकारों की जानकारी पहुँचाएं।






