अरहर के खेत में मिला 9 वर्षीय बालक का संदिग्ध शव, गांव में मचा कोहराम

IMG-20260116-WA0000

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

(सोनभद्र)चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा पटवध के टोला मोरईया में गुरुवार की अल सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घाघर नदी के किनारे स्थित एक अरहर के खेत में 9 वर्षीय बालक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह शौच के लिए जा रहे ग्रामीणों की नजर खेत में पड़े बालक के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गांव वालों एवं पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की।
तीन दिन से लापता था बालक
पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान राजू (9 वर्ष) पुत्र वेदप्रकाश खरवार, निवासी ग्राम पटवध, टोला मोरईया के रूप में हुई। मृतक के परिजनों ने बताया कि राजू तीन दिन पूर्व अचानक घर से लापता हो गया था। परिजन लगातार उसकी तलाश गांव, आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
गुरुवार को जब घाघर नदी के किनारे अरहर के खेत में उसका शव मिला, तो परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
शव की हालत ने खड़े किए कई सवाल
परिजनों के अनुसार बालक का शव झुलसी हुई अवस्था में पाया गया है, जिससे उसकी मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि खेत में जंगली पशुओं से फसल बचाने के लिए अवैध रूप से करंट प्रवाहित विद्युत तार लगाए गए थे, जिसकी चपेट में आने से बालक की मौत हो सकती है।
हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
गांव में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद से गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने खेतों में इस प्रकार से अवैध रूप से करंट प्रवाहित तार लगाए जाने को गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जाती, तो शायद एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।पुलिस जांच में जुटी
चोपन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। पुलिस खेत मालिक, आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बालक की मौत दुर्घटना थी या किसी गंभीर लापरवाही का नतीजा।

About the Author

Leave a Reply