आठ साल की शादी, एक साल का तनाव और अचानक हमला बूटबेड़वा गांव मे सनसनी

IMG-20260116-WA0106

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। विंढमगंज कोतवाली क्षेत्र के बूटबेड़वा गांव में गुरुवार को पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद अचानक हिंसा में तब्दील हो गया। विवाद के दौरान पति की गर्दन पर गंभीर चोट लगने से इलाके में सनसनी फैल गई। पति ने पत्नी पर हसुआ से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है, जबकि पत्नी ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि पति ने स्वयं ब्लेड से चोट पहुंचाई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।घायल युवक की पहचान 26 वर्षीय कमल पासवान पुत्र रामेश्वर, निवासी कानपुर के रूप में हुई है। परिजन उन्हें तत्काल दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
जानकारी के अनुसार कमल की शादी लगभग आठ वर्ष पूर्व बूटबेड़वा निवासी रामजन्म पासवान की बेटी आरती से हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं। कमल गुजरात की एक टाइल्स फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। बीते करीब एक वर्ष से आरती बच्चों के साथ मायके में रह रही थीं। कमल का आरोप है कि वह बीते पांच दिनों से ससुराल में रहकर पत्नी और बच्चों को साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
कमल का यह भी दावा है कि उन्होंने पत्नी-बच्चों के खर्च के लिए कुल 70 हजार रुपये भेजे थे—दो बार 30-30 हजार और एक बार 10 हजार रुपयेइसके बावजूद विवाद बना रहा। गुरुवार को किसी बात पर तीखी बहस हुई और आरोप है कि इसी दौरान पत्नी ने सब्जी काटने वाले हसुआ से गर्दन पर वार कर दिया।
वहीं पत्नी आरती ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने किसी प्रकार का हमला नहीं किया। उनका दावा है कि पति ने स्वयं ब्लेड से चोट पहुंचाई है और उन्हें फंसाया जा रहा है। घटना के बाद आरती ही घायल पति को दुद्धी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचीं।सूचना पर विंढमगंज कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को पारिवारिक विवाद से जुड़ा मानते हुए सभी पहलुओं की गंभीर जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों के अनुसार दंपति के बीच लंबे समय से तनाव था, जो गुरुवार को हिंसक रूप में सामने आया। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने पर ही सच्चाई स्पष्ट होगी।

About the Author

Leave a Reply